कई गांवों की 4 दर्जन से अधिक रामधुनी मंडलों ने लिया भाग
Deoli News 14 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उपतहसील क्षेत्र के बीजवाड़ में इस वर्ष भी विशाल हरिबोल प्रभातफेरी रामधुनी का आयोजन हुआ। जिसमें निर्मोही अखाड़ा अयोध्या के संत राधे बाबा निर्मोही और द्वारकादास ने धर्म का महत्व बताया।
बालाजी समिति के बंटी भाटी ने बताया कि गत 25 वर्षों से लगातार माघ माह में बालाजी के मन्दिर में अखण्ड रामायण पाठ का आयोजन किया जा रहा है। पाठ की पूर्णिमा को पूर्णाहुति पर हरिबोल प्रभातफेरी रामधुनी का आयोजन किया जाता हैं। इस बार भी माघ माह से शुरू हुए रामायण पाठ की पूर्णाहुति पर गुरुवार को रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन हुआ। वहीं शुक्रवार सुबह 11 बजे से कई गांवों से आई रामधुनी मंडलों ने पूरे गांव की नगर परिक्रमा कर पूरे गांव के माहौल को राममय बना दिया। रामधुनी मण्डलो की ओर से नगर परिक्रमा के बाद बालाजी के मंदिर में पहुँचने पर धर्म सभा का आयोजन हुआ। यहां संत राधे बाबा ने बताया कि जहाँ भी धर्म का माहौल होता है। वहाँ सुख शांति और समृद्धि रहती हैं।
यदि सनातन धर्म को बचाना है तो मंदिरों में जाना नहीं भूलना और प्रतिदिन भगवान के मंदिर जाना चाहिए। जिससे सनातन संस्कृति भी बचेगी। रामधुनी में चार दर्जन से अधिक रामधुनी मंडलों ने हरिबोल प्रभातफेरी में भाग लिया।


