Deoli News 10 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड स्थित रामी देवी नर्सिंग संस्थान के परिसर में भविष्य के स्वास्थ्य रक्षकों ने शनिवार को योग और व्यायाम के जरिए खुद को फिट रखने का प्रशिक्षण लिया।
संस्थान में आयोजित एक दिवसीय विशेष कार्यशाला में देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांति कुंज हरिद्वार से आई योग विशेषज्ञ देवशमिता, काजल और प्राची ने नर्सिंग छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि किस तरह योग और व्यायाम एक छात्र के जीवन में एकाग्रता और ऊर्जा का संचार कर सकते हैं, जो चिकित्सा जैसे कठिन और जिम्मेदारी भरे क्षेत्र में अत्यंत आवश्यक है। संस्थान के निदेशक डॉ. महेश जिंदल ने कार्यशाला में कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बीमारियों से दूर रहने का एकमात्र मंत्र नियमित व्यायाम ही है। उन्होंने विद्यार्थियों को योग के वैज्ञानिक लाभों से परिचित कराया।
संस्था प्रधान डॉ. मुरारी लाल धाकड़ और डॉ. चंदू भारद्वाज ने हरिद्वार से आई विशेषज्ञों की टीम का आभार जताते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह सौपा। इस दौरान करीब 400 नर्सिंग विद्यार्थियों और सभी कर्मचारियों ने भाग लेकर योग की विभिन्न क्रियाओं को सीखा।


