Deoli News 15 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गोवर्धन पूजन की रात मंगलवार को शहर के गणेश रोड सहित तीन अलग-अलग जगहों पर आग लगी। जिसे लोगों व दमकल के प्रयास से बुझाया गया।

जिसे नगर पालिका की दमकल की मदद से बुझाया गया। अग्निशमन केंद्र देवली की सूचना के मुताबिक तीनों जगहों पर यह आग रात 9 से 11 बजे के बीच लगी। इनमें शहर के गणेश रोड स्थित माखन डेयरी के समीप बिजली के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। अंदेशा व्यक्त किया जा रहा है कि यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। इस दौरान पोल पर लगा समूचा ट्रांसफार्मर आग के आगोश में आ गया। आसपास के लोगों की सूचना पर देवली की दमकल वाहन पहुंची तथा बिजली आपूर्ति बंद कराकर करीब आधा घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।

इसी तरह बंगाली कॉलोनी स्थित सीआईएसएफ की दीवार के समीप बबूल में आग लग गई। समय रहते दमकल मौके पर पहुंच गई। लिहाजा आग को बुझा दिया गया, नहीं तो पास में ही काफी मात्रा में कचरा व कबाड़ पड़ा था। जिसमें आग लगने पर स्थिति विकट हो सकती थी। इसी तरह शहर के मध्य स्थित बावड़ी बालाजी की चार दीवारी के भीतर जमीन पर पड़े कचरे में आग लग गई। जिसे भी दमकल ने बुझाया।




