हत्या कर आभूषण लूटे व नकदी निकलवाई
Deoli News 26 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र की नासिरदा थाना पुलिस ने बीजवाड़ गांव से लापता हुए 65 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के आरोपियों का खुलासा कर दिया है। जिन्हें अनुसंधान के बाद सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि गत 16 फरवरी को बीजवाड़ निवासी रामा पुत्र कल्याण मीणा ने थाने पर अपने भाई जगदीश पुत्र कल्याण मीणा के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। इसमें बताया कि उसका भाई जगदीश मीणा 18 जनवरी से घर से बिन बताए लापता है। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच अनुसंधान अधिकारी हेडकांस्टेबल रतनलाल को दी। पुलिस ने गुमशुदा जगदीश के बैंक खाते की लेनदेन का रिकॉर्ड प्राप्त किया तो इससे आरोपियों व उनकी करतूत का सुराग लगा। मामले में पुलिस ने हेमंत कुमार पुत्र प्रकाश मीणा निवासी बीड़ का चोहड़ा थाना बसोली जिला बूंदी तथा कपिल उर्फ चेतन प्रकाश मीणा निवासी रोशंदा थाना हिंडोली जिला बूंदी को गिरफ्तार किया है। जिनसे अनुसंधान किया जा रहा है।

झांसा देकर कार में बैठाया तथा गला दबाकर हत्या की
थाना प्रभारी कालूराम के अनुसार आरोपी हेमंत और कपिल मीणा मृतक जगदीश की जानकार थे। इस वजह से दोनों आरोपियों ने जगदीश को बीजवाड़ गांव से झांसा देकर अपनी कार में बिठा लिया तथा बीच रास्ते में जगदीश की गला दबाकर हत्या कर दी। वहीं जगदीश के पहने हुए आभूषण लूट लिए। वही साक्ष्य छिपाने के लिए मृतक का शव बिजोलिया थाना क्षेत्र के जंगली इलाके में डाल दिया। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोनपे एप्लीकेशन से 7 लाख 2250 रुपए निकलवा लिए। उक्त प्रकरण के खुलासे में थाना प्रभारी कालूराम, हेड कांस्टेबल रतनलाल, देवनारायण, पुलिसकर्मी मुकेश, अभिषेक व मुकेश की विशेष भूमिका रही है।



