Deoli News 16 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल पनवाड़ (देवली) को सत्र 2025-26 के लिए स्वच्छ एवं हरित विद्यालय का राष्ट्रीय सम्मान मिलेगा। विद्यालय को प्रमाण पत्र के साथ एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि से नवाजा जाएगा।
राजस्थान के चयनित 11 विद्यालयों में से पनवाड़ मॉडल स्कूल ने उच्च माध्यमिक स्तर पर राष्ट्रीय स्तर पर 16वीं और राजस्थान में प्रथम रैंक हासिल की है। यह उपलब्धि विद्यालय के शिक्षकों के प्रयास, भामाशाहों के सहयोग और छात्र-छात्राओं के योगदान का परिणाम है। विद्यालय परिसर में स्वच्छता और हरियाली का संगम देखने को मिलता है। इससे पूर्व विद्यालय को सत्र 2021-22 में भी स्वच्छ विद्यालय का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। विद्यार्थियों को जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नियमित रूप से जागरूक किया जाता है, जिसमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल का भी विशेष सहयोग रहा है।



