जहाजपुर में कहासुनी के बाद अमरवासी के पास बस रुकवाकर मारपीट करने का आरोप
Deoli News 13 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) रोडवेज बस में परिचालक के पद पर कार्यरत एक महिला ने कुछ लोगों पर रास्ते में बस रुकवाकर उसके साथ मारपीट करने और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाते हुए हनुमाननगर थाने में लिखित शिकायत दी है।
शिकायत के अनुसार रविवार को महिला परिचालक भीलवाड़ा से जयपुर जा रही थी। सुबह करीब 8:45 बजे जहाजपुर बस स्टैंड पर सवारियों को लेकर दूसरी बस के चालक-परिचालक से कहासुनी होने की बात शिकायत में बताई गई है। इसके बाद वह जयपुर के लिए रवाना हो गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अमरवासी गांव के पास दूसरी बस के चालक-परिचालक के परिजनों सहित कुछ लोगों ने बस रुकवाकर कथित तौर पर महिला के साथ मारपीट की। इस दौरान कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है। बस में मौजूद यात्रियों द्वारा बीच-बचाव किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
महिला ने शिकायत में ललित मीणा निवासी अमरवासी, सोनू खाती निवासी सरदार नगर बनेड़ा तथा गिरिराज मीणा निवासी समरा माता का झोंपड़ा के नाम बताए हैं। इसके अलावा अन्य लोगों के भी शामिल होने का आरोप लगाया गया है, जिनके नाम महिला ने अज्ञात बताए हैं। शिकायत के अनुसार मारपीट के दौरान महिला का मांदलिया भी गिर गया, जो बाद में नहीं मिला। महिला परिचालक ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




