कीर मोहल्ले में 45 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर दी जान
Deoli News 10 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के कीर मोहल्ले में बुधवार रात करीब 45 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना का पता उस समय चला, जब परिजनों ने गेट खुलवाने के लिए कुंडी खटखटाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
बाद में परिजनों ने किसी तरह गेट खोलकर अंदर प्रवेश किया तो व्यक्ति फंदे से लटका हुआ मिला। देवली थाने के सहायक उप निरीक्षक सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि मृतक की पहचान किशन लाल पुत्र रामपाल कीर निवासी कीर मोहल्ला, देवली के रूप में हुई है। लोगों ने बताया कि उसे पटेल के नाम से भी जानते हैं। पुलिस को बुधवार रात करीब 12 बजे अस्पताल से फंदा लगाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। मृतक के भाई कान्हाराम ने पुलिस को बताया कि किशन लाल बुधवार रात अपने तीन मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल पर गया था। कुछ देर बाद परिजनों ने गेट खुलवाने के लिए कुंडी खटखटाई, लेकिन उसने गेट नहीं खोला।
इसके बाद परिजनों ने किसी तरह गेट खोला तो किशन लाल फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों ने उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रात होने के कारण शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। गुरुवार सुबह पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार मृतक फल-सब्जी, परचून और अन्य काम करता था। भाई ने इस मामले में पुलिस को रिपोर्ट दी है।



