Deoli News 6 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी कस्बे में 45 साल बाद सार्वजनिक स्थान पर हो रही रामलीला मंचन देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान रामलीला में दशरथ विश्वामित्र संवाद हुआ। ऋषि विश्वामित्र ने राजा दशरथ से संत, मुनियों की रक्षा व असुरों के संहार के लिए राम व लक्ष्मण को अपने साथ भेजने का आग्रह किया।
इस दौरान राजा दशरथ व विश्वामित्र के बीच हुए संवाद का मंचन किया गया। उल्लेखनीय है कि दूनी के बस स्टैंड परिसर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के सामने काशी व प्रयागराज से आए कलाकारों की ओर से रामायण आधारित रामलीला का मंचन किया जा रहा है। संजीव रामलीला देखकर श्रद्धालु भावुक हो उठे।
कलश यात्रा एवं भंडारे के साथ घाट पूर्णिमा उद्यापन हुआ
नासिरदा में रेगर समाज द्वारा घाट पूर्णिमा उद्यापन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। समाज के नोरतमल रेगर ने बताया कि उद्यापन के तहत गत 24 अप्रैल को विनायक स्थापना की गई थी। वहीं सोमवार को विशाल जल कलश यात्रा, हवन मंडल व भंडारे का आयोजन हुआ। इस दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी हुए। जबकि 5 मई रविवार को जागरण सत्संग का कार्यक्रम आयोजित हुआ।
उक्त सभी कार्यक्रम यज्ञाचार्य रामलाल शास्त्री (शक्करगढ़) के सानिध्य में संपन्न हुए। घाट पूर्णिमा उद्यापन में रेगर समाज नासिरदा की संतरा देवी, अनोखी देवी, पुष्पा देवी, रामेश्वरी, गंगा देवी, मनभर, सुशीला, प्रेम देवी, इंदिरा, गीता, सुनीता, मोत्या, सीमा, शीला, गायत्री, कमलेशी, मीरा, प्रेम व लीला सहित महिलाएं शामिल हुई।



