देवली में निकली भव्य शोभायात्रा
Deoli News 17 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और गणेश महोत्सव समिति के तत्वावधान में चल रहे 10 दिवसीय गणेश महोत्सव का मंगलवार को समापन हुआ। इस मौके पर देवली में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।शोभायात्रा में गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ, के नारों के बीच शहर के पास बोरडा स्थित बनास नदी के किनारे पर गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
विसर्जन देखने के लिए आस्था, श्रद्धा एवं विश्वास का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इससे पहले ढोल नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकालकर गणपति की प्रतिमाओं को बनास नदी में प्रवाहित किया। देवली में अनंत चतुर्दशी पर गणपति के कार्यक्रमों की धूम रही। बड़ी संख्या में लोगों ने गणपति की आराधना की। दस दिन पूर्व गणेश चतुर्थी को अपने घरों और पांडालों में भगवान गणेश को विराजमान कर नियमित रूप से पूजा-अर्चना कर विराजमान किया था। मंगलवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने घरों से गणपति जी के साथ अटल उद्यान स्थित टीनशेड में एकत्र हुए। जहां से मंत्रोच्चार और ढोल नगाड़ों के साथ शहर में गणेश विसर्जन की विशाल शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्राओं का शहर में कई लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान बजरंग व्यायाम शाला के पहलवान सत्यनारायण साहू, मदन पहलवान से नेतृत्व में अखाड़ेबाजों ने करतब दिखाए। शोभायात्रा शहर के एजेंसी एरिया, पेट्रोल पंप चौराहा, मुख्य बाजार, बस स्टेंड, छतरी चौराहा, ममता सर्कल, अंबेडकर सर्कल होते बोरडा स्थित बनास नदी पर पहुंची, जहां सभी प्रतिमाएं की पूजा अर्चना की गई। वहीं विश्व हिंदू परिषद द्वारा शहर में आयोजित 10 दिवसीय गणेश महोत्सव में भाग लेने वाले लोगों एवं कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।
चार दर्जन प्रतिमाएं शामिल
गणेश महोत्सव के दौरान शहर में करीब 4 दर्जन प्रतिमाओं की स्थापना शहर के सभी समाजों एवं घरों में की गई। शहर में अनंत चतुर्दशी पर यह सभी शोभायात्रा में शामिल हुई और भव्य शोभायात्रा निकालकर सभी का बनास नदी के तट पर विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान भगवान की आरती की गई। गणपति के जयकारे गूंज उठे। नाव के जरिए सभी प्रतिमाओं को बनास नदी के बीच में ले जाकर विसर्जित किया गया।


