Deoli News 6 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी निवासी युवक अनुराग की उपचार के अभाव में हुई मौत के बाद उपजे जनाक्रोश के मद्देनजर चिकित्सा प्रशासन ने अस्पताल की लचर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कदम उठाए हैं।
दरअसल पिछले दिनों युवक की मौत पर आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने अस्पताल में ड्यूटी पर डॉक्टरों की अनुपस्थिति का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कस्बे में विरोध प्रदर्शन और बाजार बंद का आह्वान किया गया था। इस विरोध के बाद सीएमएचओ टोंक और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को अस्पताल की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार करने और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। इसे लेकर अब खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय देवली ने दूनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए चिकित्सकों की नई ड्यूटी सूची जारी की है। सूची के अनुसार, व्यवस्था सुचारू बनाने के लिए डॉ. कपिल मीना, डॉ. हर्षवर्धन यादव, डॉ. ललिता गुर्जर, डॉ. कान्हाराम कुम्हार, डॉ. रमेश मीना, डॉ. पूजा मीना, डॉ. जितेन्द्र कुमार वर्मा, डॉ. कुलदीप पालीवाल और डॉ. नन्दकिशोर मीना को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासन की ओर से की गई यह नियुक्ति अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से की गई है। यहां दूनी अस्पताल में व्यवस्था के लिए देवली उप जिला अस्पताल व राजमहल, आंवा, मालेड़ा, सीतापुरा, घाड़, धुआ कला समेत स्वास्थ्य केंद्रों से चिकित्सक लगाए गए हैं, जो अलग-अलग समय ड्यूटी देकर अस्पताल की व्यवस्था में सहयोग करेंगे।



