Deoli News 3 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक सवाईमाधोपुर सांसद हरीश चंद्र मीना ने गत दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर देवली में न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है।
अभिभाषक संघ अध्यक्ष देवली ललित चौहान के अनुसार सांसद ने पत्र में देवली में पिछले 8 वर्षों से संचालित एडीजे कैंप कोर्ट को स्थाई अपर जिला एवं सत्र न्यायालय में क्रमोन्नत करने का आग्रह किया है। साथ ही, उन्होंने देवली स्थित सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) न्यायालय में क्रमोन्नत करने की भी मांग की है। पत्र में कहा गया है कि देवली क्षेत्र में लंबित प्रकरणों की अधिकता और भौगोलिक महत्व को देखते हुए यह अत्यंत आवश्यक है।
सांसद के अनुसार पड़ोसी तहसीलों में स्थायी एडीजे न्यायालय पहले से ही स्थापित हैं। उन्होंने जनहित और त्वरित न्याय की उपलब्धता निश्चित करने के लिए इस मांग को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है।


