आश्वासन के बाद हटे ग्रामीण
Deoli News 18 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पनवाड़ में आए दिन नगर पालिका के कर्मचारी मृत गायों को पनवाड़ रोड पर मॉडल स्कूल के पास में डाल रहे हैं। जिसकी बदबू फैलकर लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन रही है।
जबकि पास में स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि काफी दिनों से पालिका के कर्मचारी यहां मृत गाये और कचरा डाल रहे हैं। पास में निजी मानव धर्म मंदबुद्धि विद्यालय भी संचालित है। जहां बदबू के कारण बुरा हाल हो रहा है। वहीं राहगीर भी बदबू से बेहाल हैं। अभी एक सप्ताह पहले भी 7-8 मृत गायों को यहां पर डाला गया था। लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि देवली नगर पालिका द्वारा भेजी जा रहे कचरा गाड़ियां कचरे को ढक कर नहीं लाती। इससे रोड पर कचरा उड़ता हुआ व सड़क पर फैल रहा है। वहीं कचरा डिपो में ना डालकर रोड पर डाला जा रहा हैं। जिससे लोगों में नाराजगी है। इसके चलते ग्रामीण आक्रोशित हो गए और पनवाड़ सड़क को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क को जाम किया। इसके बाद पनवाड़ पुलिस चौकी इंचार्ज बद्रीलाल यादव ने मय जाप्ते के पहुंचे और नगर पालिका अध्यक्ष से बात कर निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। इस दरमियान सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारे लग गई।



