“कुरान पाक की तिलावत की”
Deoli News 5 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) यहां मुस्लिम समुदाय की ओर से शुक्रवार को 1500वां जश्ने ईद मिलादुन्नबी, पैगंबर-ए-आलमे कायनात हजरत मुहम्मद साहब का योमे पैदाइश हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मोहम्मद इदरीश व हारून अंसारी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत शाही जामा मस्जिद में नमाज-ए-फज्र के बाद कुरआन-ख्वानी के साथ हुई।
इसके बाद जामा मस्जिद के इमाम नज्मे इफ्तिखार ने हरी झंडी दिखाकर हजरत पहलवान शाह बाबा की दरगाह के लिए जुलूस-ए-मुहम्मदी को रवाना किया। जुलूस में शामिल बच्चे और बच्चियां नात-ए-पाक पढ़ते हुए पैगंबर साहब की शान में नारे लगा रहे थे। प्रताप कॉलोनी और एजेंसी एरिया से भी जुलूस में लोगों ने शिरकत की। जुलूस का मार्ग में फूलों की वर्षा और मिठाइयों व शर्बत की व्यवस्था कर स्वागत किया गया। जुलूस के समापन पर नज्मे इफ्तिखार ने कुरान पाक की तिलावत की। इस मौके पर मौलाना दिलकश ने हजरत मुहम्मद साहब को “रहमतुल आलमीन” और करुणा का सागर बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया। ताज मोहम्मद ने भी नात-ए-पाक पढ़ी।
इस जुलूस-ए-मुहम्मदी में सैकड़ों की तादाद में सफेद लिबास पहने मुस्लिम लोगों ने शिरकत की और “नारा-ए-तकबीर” का नारा बुलंद किया। पैगंबर-ए-इस्लाम पर अन्य वक्ताओं ने भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के बाद, लोगों में “तबर्रुक” (पवित्र प्रसाद) भी बांटा गया। इस दौरान हाफिज मुकीम रजा, हाफिज गुफरान, मौलाना नूरुद्दीन, मौलाना सनाउल्लाह, शाकिब सहित ओलेमा के साथ-साथ सदर सिराजुद्दीन, अयूब बाबा रज्जाकी, शौकत खान, शम्मी रंगरेज, अब्दुल खालिक, चंद खां, कदीर भाई, जमील कुरैशी, इमरान खान, शानू लुहार, मुर्तुजा अली, जावेद, हनीफ साखला, पल्लू और नफीस मंसूरी सहित कई व्यक्ति मौजूद थे।



