ब्यूटी पार्लरों में भी रौनक शुरू, शुक्रवार को है करवा चौथ
Deoli News 9 (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) करवा चौथ पर्व की तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं, और इसकी रौनक शहर के मुख्य मार्ग, पटवा बाज़ार और छाया मार्केट में साफ देखने को मिल रही है। महिलाओं ने उत्साह के साथ करवा खरीदना शुरू कर दिया है।
सुहागिन महिलाओं ने पर्व के लिए श्रृंगार का सामान भी खरीदना शुरू कर दिया है, जिसके चलते मनिहारी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी है। यहाँ मेहंदी, बिंदी, चूड़ी, सिंदूर समेत सुहाग की हर चीज़ की खरीददारी चल रही है। वही हाथों पर मेहंदी सजाई जा रही है। खासकर नव विवाहित महिलाओं को व्रत को लेकर उत्साह है। परंपरा के अनुसार, इस दिन सुहागिनें अपने से बड़ी महिलाओं व सपनी सास को श्रृंगार का सामान भेंट कर उनका आशीर्वाद भी लेंगी। सौंदर्य को निखारने के लिए महिलाएँ ब्यूटी पार्लरों का रुख कर रही हैं।
हालांकि करवा चौथ के मुख्य दिन शुक्रवार को पार्लरों में भीड़ रहेगी, लेकिन इस भीड़ से बचने के लिए कई महिलाएँ गुरुवार को ही पार्लर में अपना श्रृंगार करवा रही हैं। करवा खरीदने के साथ ही, कई महिलाएँ इस मौके पर करवा चौथ का उद्यापन भी करेंगी। इसके लिए भोजन के लिए निमंत्रण दिए जा रहे हैं। यह पर्व सुहागिन महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है।
जहाँ वे पूरे दिन निर्जल उपवास रखती हैं और चौथ माता की पूजा अर्चना के बाद रात्रि को चंद्र दर्शन के बाद ही अपना व्रत खोलकर भोजन ग्रहण करती हैं। इस बार करवा चौथ पर चंद्र दर्शन का अनुमानित समय रात 8:12 बजे से संभव है। देवली में पुलिस थाना परिसर स्थित चौथ माता मंदिर में शुक्रवार को विशेष भीड़ रहेगी।


