Deoli News 28 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अहिंसा के अवतार भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव ‘महावीर जयंती’ पर शनिवार को देवली के श्री दिगंबर जैन महावीर मंदिर परिसर में महावीर मेले का आयोजन किया गया।
इस मेले का उद्घाटन समाज अध्यक्ष पदमचंद पाटनी ने फीता काटकर किया, वहीं श्री दिगंबर जैन नवयुवक मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र बड़जात्या ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। मेले के दौरान मंदिर परिसर में उत्साह देखा गया। समाज की प्रेरणा सेठी ने बताया कि इस अवसर पर महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिलाओं ने कुर्सी दौड़ और जलेबी दौड़ जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। वहीं बच्चों के लिए ‘रिंग फेंकना’ जैसे रोचक खेल आयोजित किए गए। मेले का मुख्य आकर्षण यहाँ लगे विविध व्यंजनों के स्टॉल रहे। मेले में इडली-डोसा, कोल्ड कॉफी और चटपटे पानी-बताशों के स्टॉल लगाए गए, जहाँ महिलाओं और बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का खुब लुत्फ उठाया।



