Deoli News 14 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव में वार्ड 29 से निर्दलीय जीत दर्ज करने वाले मुकेश कुमार ने सोमवार शाम भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे मूल रूप से भाजपा के कार्यकर्ता हैं।

टिकट नहीं मिलने के कारण उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। मुकेश कुमार ने कहा कि जीत के बाद वे अपने राजनीतिक परिवार भाजपा में वापस लौट चुके हैं। विधायक राजेंद्र गुर्जर और पार्टी नेतृत्व ने उन्हें स्वीकार किया है। उनके भाजपा में आने से पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला है। अध्यक्ष पद को लेकर उन्होंने कहा कि इसका निर्णय विधायक और पार्टी नेतृत्व करेंगे। पार्टी जो आदेश देगी, उसकी पालना करेंगे। जो भी अध्यक्ष बनेगा, उसके साथ मिलकर शहर के विकास में पूरा सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि देवली उनकी जन्म स्थली है और उनका उद्देश्य शहर का विकास है। अध्यक्ष पद मिले या न मिले, वे देवली के हित में काम करते रहेंगे।

निर्दलीय पार्षदों को लेकर उन्होंने कहा कि कई निर्दलीय चुनाव जीते हैं, लेकिन वे निर्दलीय चुनाव जीतने के बावजूद भाजपा की विचारधारा से जुड़े हुए हैं और विकास, व्यापार तथा वित्तीय प्रगति के मुद्दों पर पार्टी के साथ पूरी तरह समर्पित हैं।


