Monday, September 14, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskफूलों से सजे गजानन, भजनों से गूंजे मंदिर: परिसर में लगा मेला

फूलों से सजे गजानन, भजनों से गूंजे मंदिर: परिसर में लगा मेला


Deoli News 14 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्री गणेश चतुर्थी पर सोमवार को देवली नगरपालिका क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में धार्मिक उल्लास का माहौल रहा। प्रथम पूज्य भगवान गणेश के जन्मोत्सव को लेकर सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।

श्रद्धालुओं ने भगवान गजानन की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। नगरपालिका क्षेत्र के बनास नदी के किनारे स्थित बोयड़ा गांव स्थित गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। भगवान गजानन की फूलों से आकर्षक झांकी सजाई गई तथा पुष्पों से विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को भी सजाया गया। देवली शहर के साथ ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बोयड़ा पहुंचे और भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर बोयड़ा में मेले का आयोजन भी किया गया। मेले में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

इससे पहले मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए। धार्मिक वातावरण में गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे। इसी प्रकार बासनी स्थित गणेश मंदिर में भी गणेश चतुर्थी पर विशेष पूजा-अर्चना हुई। भगवान गणेश के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा कर भगवान को लड्डू एवं मोदक का भोग लगाया। वहीं रोडवेज बस स्टैंड परिसर में विराजमान भगवान गजानन की भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। यहां भगवान गणेश को लड्डू और मोदक का भोग लगाया गया तथा श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

गणेश चतुर्थी के चलते देवली शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर भगवान गणेश की पूजा की गई। परिवारों ने प्रथम पूज्य गजानन को लड्डू-मोदक का भोग लगाकर आरती की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here