Deoli News 11 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के पनवाड़ स्थित प्राचीन गढ़ के बालाजी मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर रविवार से अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर बालाजी मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की गई।
दरअसल नव बजरंग मंडल पनवाड़ के तत्वावधान में आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान पूरी नवरात्र चलेगा। गांव में सुख-शांति, समृद्धि और परिवारों की खुशहाली की कामना के साथ श्रद्धालु रामायण पाठ में भाग ले रहे हैं। नव बजरंग मंडल पनवाड़ के संरक्षक नोरतमल नामा ने बताया कि गढ़ के बालाजी मंदिर में रामायण पाठ की परंपरा वर्ष 1983 में शुरू हुई थी, जो लगातार जारी है। इस वर्ष इस परंपरा के 43 वर्ष पूरे हो गए हैं। हर वर्ष नवरात्रि में विधि-विधान से रामायण पाठ का आयोजन किया जाता है। इसके माध्यम से ग्रामवासियों एवं उनके परिवारों की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की जाती है।
हनुमान मंदिरों में गूंज रहीं रामायण की चौपाइयां
नवरात्र के दौरान देवली शहर और आसपास के क्षेत्र के विभिन्न हनुमान मंदिरों में भी घट स्थापना के साथ रामायण पाठ शुरू हो गए हैं। ब्राह्मण व्रत रखकर श्रद्धापूर्वक रामायण का पाठ कर रहे हैं। नवरात्रि के समापन पर धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से सुख-शांति, समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की जाएगी।



