सांसी समाज के न्योता देने पर परिवार को मिली नकद राशि, अब तक का सबसे बड़ा सहयोग होने का दावा
Deoli News 23 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शादी-विवाह में मायरे के दौरान करोड़ों रुपए दिए जाने की चर्चाएं तो आपने खूब सामने आई हैं, लेकिन हाल ही में देवली के नासिरदा में एक अनूठा मामला सामने आया है।
यहां सांसी समाज के एक परिवार में बच्चों के जडूले (मुंडन) कार्यक्रम में सांसी समाज ने न्योता पर थाली में एक करोड़ 64 लाख एक हजार 500 रुपए नकद दिए जाने का दावा किया जा रहा है। नोटों से भरी थाली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार नासिरदा निवासी चंदन सिंह के परिवार में 22 नवंबर को बच्चों के जडूले का कार्यक्रम आयोजित हुआ था। वायरल वीडियो में एक युवक चंदन सिंह को अपना जीजा बताते हुए कह रहा है कि कार्यक्रम में सांसी समाज को न्योता डालने पर समाज की ओर से एक करोड़ 64 लाख एक हजार 500 रुपए नकद दिए गए। वीडियो में थाली में नोटों की गड्डियां रखी दिखाई दे रही हैं। इस अनूठे आयोजन को लेकर सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
समाज में सहयोग की परंपरा
सांसी समाज के युवक पंकज मालावत के अनुसार, उनके समाज में ऐसे आयोजनों पर न्योता देने के बाद समाज की ओर से परिवार को सामूहिक रूप से आर्थिक सहयोग दिया जाता है। उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले टोडारायसिंह तहसील के डिपरू गांव में विनोद सांसी के परिवार में जडूले के कार्यक्रम के दौरान भी समाज को न्योता देने पर थाली में 1 करोड़ 20 लाख रुपए नकद दिए गए थे।
उनके अनुसार नासिरदा में आयोजित कार्यक्रम में अब तक की सर्वाधिक राशि दी गई है। हालांकि, वायरल वीडियो में बताई गई राशि की दैनिक ब्यूरो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।


