Deoli News 16 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आरआर कॉलेज के डीन डॉ. आरएस राठौर और निदेशिका नीलू अग्रवाल के नेतृत्व में श्रीसांवरिया सेठ गौशाला में एक दिवसीय निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर लगा।
शिविर का उद्देश्य गौवंश का स्वास्थ्य परीक्षण, प्राथमिक उपचार, टीकाकरण और पोषण संबंधी जांच करना था। कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ. भार्गव, डॉ. सायं श्री, डॉ. मोनिका, डॉ. राहुल एवं डॉ. तानिया सहित पशुधन सहायक राजेश सुवालका और चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों ने सक्रिय सेवाएँ दीं। उन्होंने गोवंश के स्वास्थ्य मापदंडों की जाँच कर घायल पशुओं की ड्रेसिंग और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ दी। गोपालकों को पशु स्वास्थ्य प्रबंधन और संतुलित आहार की जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। इस योजना में दुधारू गाय व भैंस के लिए अधिकतम 40 हजार रुपए, बकरी व भेड़ के लिए 4 हजार रुपए तथा ऊँट के लिए 40 हजार रुपए प्रति पशु तक की बीमा राशि निर्धारित है, जो आकस्मिक मृत्यु पर आर्थिक सहायता प्रदान करती है।



