सरकारी कार्यालयों की छतों से हुआ रिसाव
Deoli News 5 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में शुक्रवार सुबह से लगातार चल रही बारिश के चलते एक ओर जहां शहर के हालात बिगड़ गए हैं।
वहीं दूसरी ओर सरकारी कार्यालयों में भी पानी भर गया। खासकर पुराने भवनों में संचालित सरकारी कार्यालय की छतों से पानी का रिसाव हो गया। जिसके चलते कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ी। हर बार की तरह इस वर्ष भी पहली बारिश में ही देवली थाना परिसर पानी से लबालब हो गया। सड़क का पानी थाना परिसर में घुस गया, जो परिसर में एकत्र हो गया। यहां मालखाना कार्यालय में यह पानी भीतर तक प्रवेश कर गया। जिसे पुलिसकर्मियों को वापस निकालना पड़ा। पानी का भराव करीब एक फीट तक रहा। पुलिसकर्मियों को पानी के बीच से आना जाना पड़ा। यहां भवन की छतों से भी पानी का रिसाव हुआ। इसी तरह शहर के विवेकानंद कॉलोनी स्थित राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय, यूनानी औषधालय में भी छतों से पानी टपक गया। पूरा परिसर पानी से भीग गया। चिकित्साकर्मियों को परेशानी हुई। तहसील कार्यालय के सामने काफी मात्रा में पानी एकत्र हो गया। इसी तरह पंचायत समिति, नगर पालिका परिसर समेत सरकारी कार्यालय के परिसरों में पानी जमा हो गया। हैरानी की बात यह है कि सुबह से चली यह बारिश एक मिनट के लिए भी नहीं थमी।



