Deoli News 26 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर आगामी दिनों में पवनपुत्र हनुमान जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। वहीं दूसरी ओर श्रीमद्भागवत कथा के अमृत वचनों की वर्षा होगी।
बालाजी सेवा मण्डल देवली के तत्वावधान में श्री बावड़ी बालाजी (बस स्टैंड के पास) पर तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ 31 मार्च को रात्रि 8 बजे से 5100 हनुमान चालीसा पाठ के साथ होगा। इसके बाद एक अप्रैल को दोपहर 3 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और उसी रात्रि 8 बजे से भजन संध्या एवं झांकियों की मनमोहक प्रस्तुति होगी, जिसमें भजन गायिका दीपिका मेर और गायक मनीष सेन अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। महोत्सव का समापन 2 अप्रैल को शाम 4 बजे से आयोजित होने वाले 10वें विशाल भंडारे के साथ होगा। इस पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब चैनल पर भी किया जाएगा। इसी तरह श्री बजरंग पुरुष एवं महिला अखाड़ा कोटा भी शामिल होगा।
कलश यात्रा से होगी भागवत कथा की शुरुआत
इसी तरह एजेंसी एरिया स्थित पशु चिकित्सालय के सामने श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ महोत्सव का आयोजन 27 मार्च से 2 अप्रैल तक किया जा रहा है। कथा व्यास पं. बनवारीलाल शास्त्री द्वारा प्रतिदिन सुबह 11 बजे से सायं 4 बजे तक कथा का वाचन किया जाएगा। कथा आयोजन लक्ष्मणराम जाट एवं डॉ. नवनीत चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 27 मार्च को सुबह 8 बजे एजेंसी स्थित गोपाल जी मंदिर से निकलने वाली कलश यात्रा के साथ होगी। सात दिवसीय इस कथा में सती चरित्र, ध्रुव चरित्र, कृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन पूजा और रुक्मणी विवाह जैसे प्रसंगों का सजीव वर्णन होगा।



