-
रोड लाइट के अभाव में हादसों को न्योता दे रहा कॉलोनी का मुख्य मार्ग
-
लोगों को हो रही है असुविधा
(पब्लिक वॉइस)
Deoli News 9 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के गौरव पथ से लेकर गौतम धर्मशाला और आगे अजमेर-कोटा बाईपास तक बनी सीसी सड़क स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। जिसकी वजह यहां रोड लाइट का नहीं होना है।
दरअसल कुछ वर्ष पूर्व नगरपालिका द्वारा जनसुविधा के लिए इस बढ़िया सीसी सड़क का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन विडंबना यह है कि इतने वर्षों बाद भी इस पूरे मार्ग पर रोड लाइट की व्यवस्था नहीं की गई। आज यह मार्ग शहर के एक प्रमुख लिंक रोड के रूप में उभरकर सामने आया है। जब से नई सड़क बनी है, यहां से रोजाना सैकड़ो की संख्या में दुपहिया और चार पहिया वाहन गुजरते हैं। साथ ही इस क्षेत्र में कई नई कॉलोनियां बस जाने से आबादी का दबाव भी काफी बढ़ गया है। इसके बावजूद यहां प्रकाश की व्यवस्था न करना समझ से परे है। रात के समय यहां इतना अंधेरा रहता है कि राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में केवल सड़क किनारे बसे घरों की लाइटों से ही हल्का-फुल्का उजाला होता है, जो कि यातायात की दृष्टि से बिल्कुल अपर्याप्त है।
सड़क पर खड़े खम्बे बन रहे काल
इस मार्ग की सबसे बड़ी लापरवाही सड़क के पर खड़े बिजली के खंभे हैं। रोड लाइट नहीं होने व सामने किसी वाहन के हेडलाइट के प्रकाश के रिफ्लेक्शन में रात के वक्त वाहन चालकों को ये खंभे दिखाई नहीं देते, जिससे टकराकर अब तक कई लोग चोटिल हो चुके हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह मार्ग बिल्कुल सीधा और सपाट है, जिससे वाहन चालक अक्सर तेज गति में होते हैं। ऐसी स्थिति में अंधेरे के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

कोई भी लगवाए, हमें रोड लाइट चाहिए…
क्षेत्रवासियों ने कहा है कि चाहे नगरपालिका प्रशासन जिम्मेदारी ले या ग्राम पंचायत ऊंचा, लेकिन इस मार्ग पर जल्द से जल्द रोड लाइटें लगाई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी की जान पर न बन आए। लोगों का कहना है कि विकास के नाम पर केवल सड़कें बना देना काफी नहीं है, उनकी सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान देना भी प्राथमिकता होनी चाहिए।



