50 मरीजों को नि:शुल्क चश्मे वितरित
Deoli News 29 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के डाबर कलां ग्राम पंचायत परिसर में रविवार को नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 125 रोगियों की आंखों की जांच की गई।
जिनमें से 53 रोगियों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। चयनित रोगियों का एक दिसंबर को बूंदी में निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। शिविर का आयोजन डाबर कलां निवासी एवं सेवानिवृत्त सीआईएसएफ कमांडेंट दिवंगत शिवराज सिंह की स्मृति में किया गया। आयोजन से जुड़े कुलदीप सिंह राणावत ने बताया कि शिविर की शुरुआत सुबह 10 बजे दिवंगत शिवराज सिंह के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर की गई। शिविर में नीमच आई हॉस्पिटल बूंदी के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नवीन कुमार ने मरीजों की जांच की। यहां जांच के बाद 53 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।
इन सभी मरीजों को एक दिसंबर को बूंदी ले जाकर नि:शुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। मरीजों के आने-जाने सहित ऑपरेशन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं नि:शुल्क रहेंगी। शिविर में 50 अन्य मरीजों को निशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए। कुलदीप सिंह ने बताया कि शिविर के माध्यम से दिवंगत शिवराज सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान आयोजनकर्ता शक्ति सिंह, रणजीत सिंह, रणवीर सिंह राणावत सहित कई लोग मौजूद थे।



