प्रधान का समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत, विकास कार्यों को बताया प्राथमिकता
Deoli News 27 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पंचायत समिति देवली के प्रधान पद पर महादेव मीणा के निर्वाचित होने के बाद शुक्रवार शाम समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। निर्वाचन परिणाम सामने आते ही समर्थक प्रधान की गाड़ी पर लगने वाली लाल रंग की ‘प्रधान’ लिखी तख्ती लेकर पंचायत समिति परिसर पहुंचे। जैसे ही नवनिर्वाचित प्रधान महादेव मीणा बाहर आए, समर्थकों ने उन्हें तख्ती दिखाकर स्वागत किया और फूल-मालाओं से लाद दिया।

इस दौरान पंचायत समिति परिसर में समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा और जीत की खुशी में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। नवनिर्वाचित प्रधान महादेव मीणा की पत्नी और परिजन भी पंचायत समिति परिसर पहुंचे। पत्नी ने माला पहनाकर पति का अभिनंदन किया, वहीं अन्य परिजनों और समर्थकों ने भी माला व दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। निर्वाचन के बाद समर्थकों के बीच खुशी का माहौल रहा और सभी ने नवनिर्वाचित प्रधान को शुभकामनाएं दीं। इससे पहले निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने पर रिटर्निंग अधिकारी रूबी अंसार ने नवनिर्वाचित प्रधान महादेव मीणा को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के साथ ही प्रधान पद पर उनके निर्वाचन की औपचारिक प्रक्रिया पूर्ण हुई।
गांवों में लाइब्रेरी खोलना, शिक्षा और स्वास्थ्य सुधार प्राथमिकता
निर्वाचन के बाद पत्रकारों से बातचीत में नवनिर्वाचित प्रधान महादेव मीणा ने पंचायत समिति क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने कहा कि सांसद हरिश्चंद्र मीणा की सोच के अनुरूप गांवों में लाइब्रेरी खोलना, शिक्षकों के रिक्त पदों को बढ़वाने के लिए प्रयास करना, स्कूलों में विकास कार्य करवाना और ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं पर ध्यान देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य ग्रामीण विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। विद्यार्थियों को अध्ययन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, विद्यालयों में आवश्यक संसाधन विकसित करने और गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।



