Deoli News 28 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय यूनानी औषधालय देवली का शनिवार को यूनानी चिकित्सा विभाग राजस्थान के सहायक निदेशक डॉ. हरनाथ सिंह गोरा ने एकाएक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने औषधालय में मरीजों की संख्या, निःशुल्क दवा वितरण व्यवस्था, अभिलेख संधारण एवं परिसर की स्वच्छता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद रोशन वरिष्ठ यूनानी चिकित्सा अधिकारी एवं जिला यूनानी नोडल अधिकारी, टोंक ने औषधालय की गतिविधियों एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। इस दौरान यूनानी कंपाउंडर रामनिवास सेन सहित स्टाफ मौजूद रहा। डॉ. रोशन के अनुसार सहायक निदेशक ने औषधालय की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए स्टाफ को समर्पण भाव से आमजन को यूनानी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा।



