डैम में अब रहा 26.36 फीसदी पानी
Deoli News 23 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) प्रदेश के महत्वपूर्ण व बड़े बांधों में शुमार बीसलपुर डैम में फिलहाल पानी की आवक नहीं होने से जलस्तर प्रतिदिन औसत 2 सेमी. घटता जा रहा है। वही क्षेत्र में बारिश भी शून्य दर्ज की गई है।
बीसलपुर नियंत्रण कक्ष की सूचना के अनुसार रविवार सुबह 6 बजे डैम का जलस्तर आरएल 309.78 मीटर है। इस जल स्तर के अनुसार बांध में 10.203 टीएमसी पानी है। वही बांध में कुल क्षमता का वर्तमान में 26.36 प्रतिशत पानी शेष बचा है। उल्लेखनीय है कि बीसलपुर बांध का पूर्ण भराव जलस्तर आरएल 315.50 मीटर है। इसके बाद आने वाले अधिशेष पानी को डैम के गेट खोलकर छोड़ जाता है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1999 में डेम बनकर तैयार हुआ था। बीसलपुर बांध टोंक जिले में बीसलपुर गांव के पास बनास नदी पर दो पहाड़ों के बीच बना हुआ है। जिसमें कुल 18 गेट है। बांध का शिलान्यास 1985 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर ने किया था। इस बांध को बनने में 14 साल का समय लगा और 1999 में बांध बनकर तैयार हुआ।
बांध बनने के 5 साल बाद पहली बार 2004 में यह बांध पूरी तरह से भरा और बांध के गेट खोलकर पानी की पहली बार निकासी की।गई। बांध का कुल जलभराव 315.50 आर एल मीटर है, जिसमें कुल 38.708 टीएमसी पानी का भराव होता है। बीसलपुर बांध का कैचमेंट एरिया छह जिलों में हैं। जिसमें भीलवाड़ा का 51 प्रतिशत, चित्तौड़गढ़ का 17, उदयपुर का 6, अजमेर का 15, टोंक का 2 और प्रतापगढ़ का 1 प्रतिशत क्षेत्र शामिल है।



