Deoli News 10 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार सामाजिक एवं न्याय संगठन महिला विंग की ओर से मानव अधिकार सहायता शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में 5 दर्जन से अधिक परिवादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जिनमें से 25 पीड़ित व्यक्तियों और महिलाओं ने विवादित मामलों पर समाधान के लिए आवेदन किया। संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रीना सच्चर और प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मला शर्मा ने बताया कि शिविर में परिवादियों को मानव अधिकार के तहत योजनाओं के प्रति जागरूकता और जानकारी दी गई। प्राप्त आवेदनों में एक आवेदन मकान और भूमि पर हुए कब्जे से राहत पहुंचने के लिए प्राप्त हुआ है, जिसमें पीड़ित मुस्ताक नामक ने आवेदन किया है। टोंक जिलाध्यक्ष ममता शर्मा ने उक्त पीड़ित व्यक्ति को आश्वासित किया कि इस मामले की जानकारी टोंक जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंचाई जाएगी।
उक्त मामले में कार्रवाई करने के लिए कहा जाएगा। शिविर में जयपुर जिलाध्यक्ष बबीता शर्मा और उपाध्यक्ष टीना योगी ने भी पहुंचे लोगों को मानव अधिकार के प्रति जागरूक करने की जानकारियां दी। प्रदेश अध्यक्ष रीना सच्चर ने बताया कि शिविर में विवादित मसलों का निस्तारण किए जाने के लिए निशुल्क परामर्श दिए गए और पीड़ित व्यक्तियों को राहत पहुंचाने के लिए मामलातों से संबंधित विभाग को निस्तारण के लिए पत्र लिखे गए हैं।



