अनहोनी से बचने के लिए पुलिस प्रशासन ने किए थे पुख्ता इंतजाम
Deoli News 21 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीजेपी की ओर से स्थानीय विधानसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी विजय सिंह बैसला का टिकट कटने से नाराज होकर रविवार शाम मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक रात करीब 10:30 बजे उतर गया। दरअसल बैसला का टिकट काटकर पूर्व विधायक राजेंद्र गुर्जर को इस बार प्रत्याशी बनाया गया है।
इस दौरान देवली पुलिस उप अधीक्षक रामसिंह जाट, तहसीलदार दूनी, दूनी थाना प्रभारी हेमंत जनागल, घाड़ थाना प्रभारी राजकुमार बिरला व भाजपा के नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं परिजनों ने युवक से समझाईश की। तब जाकर यह युवक नीचे उतरा। उल्लेखनीय है कि विजय सिंह बैंसला का बीजेपी से टिकट कटने के बाद धुआ कला निवासी धनराज पांचाल पुत्र जगदीश पांचाल करीब 6 बजे गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। यह युवक अपने साथ पेट्रोल की बोतल लेकर करीब 60 फीट से अधिक ऊंचाई पर चढ़ गया और अपना विरोध प्रदर्शन करने लगा। उक्त युवक विजय सिंह बैसला को टिकट दिए जाने की मांग कर रहा था।
सूचना पर देवली पुलिस उपअधीक्षक रामसिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक से समझाईश की। जानकारी के अनुसार यह युवक बीजेपी किसान मोर्चा से जुड़ा हुआ है, जो अपने नेता की टिकट कटने से खफा था। काफी देर समझा इस करने के बावजूद युवक उतरने को राजी नहीं हुआ तो पुलिस एवं प्रशासन ने मोबाइल टावर के नीचे जाल एवं गद्दे लगा दिए, ताकि अनहोनी रोकी जा सके। इसके अलावा वहां प्रकाश की व्यवस्था भी की। साथ ही लोगों की भीड़ को हटाकर माहौल सुरक्षित किया।
दूनी हेमंत थाना प्रभारी जनागल ने बताया कि इस दरमियान कई बार पुलिस अधिकारियों, युवक के भा, मित्रों व पार्टी के नेताओं ने उससे फोन परबातचीत की। रात करीब 10:30 बजे वह नीचे उतरने को राजी हुआ। लोगों ने उसे समझाया कि यह राजनीति का पार्ट है। ऐसा करना ठीक नहीं है। युवक के उतरने के बाद पुलिस व प्रशासन ने अपने उच्च अधिकारियों को सूचना दी।


