Deoli News 9 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जहाजपुर चुंगी नाका स्थित महेश नर्सिंग होम एवं महेश्वरम हॉस्पिटल के स्थापना के 50वें स्वर्ण जयंती महोत्सव का आयोजन सोमवार शाम जगदीश धाम परिसर में हुआ। इस अवसर पर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार करते हुए अत्याधुनिक ‘महेश्वरम एडवांस इमेजिंग सेंटर’ का उद्घाटन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि पीएचईडी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी और विशिष्ट अतिथि पूर्व कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी ने फीता काटकर इमेजिंग सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने सेंटर का अवलोकन किया और चिकित्सा के क्षेत्र में इसे जनहित के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। दोनों अतिथियों ने कहा कि देवली जैसे शहर में 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीन, न्यूरो आईसीयू और मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर जैसी आधुनिक सुविधाओं का होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। अब स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह सुविधा जिले में अपनी तरह की पहली उपलब्धि है।
अस्पताल संचालक डॉ. महेश जिंदल ने समारोह में बताया कि इस सेंटर का उद्देश्य आमजन को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं सुलभ कराना है। वहीं न्यूरोसर्जन डॉ. राघव जिंदल ने नई तकनीकी सुविधाओं की जानकारी दी और विश्वास दिलाया कि इनसे मरीजों के उपचार में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। कार्यक्रम में महेश नर्सिंग होम व महेश्वरम हॉस्पिटल से डॉ. कल्पना जिंदल, जहाजपुर-कोटड़ी विधायक गोपीचंद मीणा, देवली डीएसपी हेमराज मुंड, थाना प्रभारी दौलत राम, जहाजपुर डीएसपी, महावीर कैंसर हॉस्पिटल जयपुर के सीईओ सुभाष पारीक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, डॉक्टर्स, मेडिकल स्टोर संचालक व लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान भी किया गया। उल्लेखनीय है कि यहां महेश्वरम हॉस्पिटल व महेश नर्सिंग होम में हाल ही में उच्च गुणवत्ता युक्त एमआरआई मशीन और सीटी स्कैन समेत कई जांचे चुकी शुरू की गई है। वही न्यूरोसर्जन डॉ. राघव लोगों को सेवाएं दे रहे हैं।


