गत 31 दिसंबर को हुई थी वारदात, हनुमान नगर पुलिस को मिली सफलता
Deoli News 11 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर के ऊंचा निवासी व मीडियाकर्मी पर हमले तथा लूट के दो आरोपियों को थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साथ ही मामले में एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया है। थाना प्रभारी हीरालाल के अनुसार गत एक जनवरी को सीताराम पुत्र कस्तूरचंद माली निवासी ऊंचा ने रिपोर्ट दी।
इसमें बताया कि वह गत 31 दिसंबर की रात 9:30 बजे अपने ऊंचा से तालाब होकर बायपास स्थित मकान पर जा रहा था। इस बीच अज्ञात बदमाशों ने पीड़ित मीडियाकर्मी को रोककर मारपीट की तथा मोबाइल छीन लिया। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। वही सीसीटीवी कैमरे के फुटेज का विश्लेषण, आसूचना संकलन, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो आरोपी व एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। वही गिरफ्तार आरोपियों से लूटा हुआ मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने मामले में कुलदीप पुत्र रामगोपाल मीणा निवासी प्रताप कॉलोनी देवली तथा हरिओम पुत्र महावीर प्रसाद रेगर निवासी प्रताप कॉलोनी देवली को गिरफ्तार किया है। जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है।

पुलिसकर्मियों की मेहनत आई काम
अनुसंधान टीम में थाना प्रभारी हीरालाल के अलावा हेडकांस्टेबल उस्मान के अलावा पुलिसकर्मी राजेंद्र प्रसाद, सांवरमल, भगत सिंह, अजय कुमार, अमित कुमार का सहयोग रहा है। लेकिन पुलिसकर्मी लालाराम की विशेष भूमिका रही है। उल्लेखनीय है कि पीड़ित सीताराम माली दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका के ऊंचा क्षेत्र से संवाददाता है। आरोपियों के हमले में वे चोटिल हो गए थे।


