नकदी समेत सोने, चांदी के आभूषण चुराए
Deoli News 16 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने दूनी थाना क्षेत्र के देवपुरा ढाणी स्थित ग्रामीण देवीलाल माली के मकान में चोरी की। यहां चोर दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे व वारदात की।
वारदात में चोरों ने बक्से का ताला काटकर उसमें रखे 50 हजार रुपए की नकदी, चांदी के पायजेब, सोने का मांदलिया चुराकर ले गए। शुक्रवार रात ही करीब डेढ़ बजे अज्ञात चोर कैलाश माली के मकान के बाहर लगी लोहे की जाली को काटकर अंदर घुसे व चोरी का प्रयास किया। इसी तरह एक अन्य जगह भी वारदात की कोशिश की गई। संभवत जाग हो जाने पर चोर भाग छूटे। मामले की जानकारी मिलते ही दूनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा वारदात की जानकारी लेकर पीड़ित पक्ष के नुकसान का आकलन किया।



