राहत के लिए उपखंड अधिकारी से लगाई गुहार
Deoli News 16 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के कोटा-अजमेर स्टेट हाईवे पर मोरला चौराहे देवली बाईपास से धुवाला चौराहे तक बजरी से भरे ट्रकों की अवैध पार्किंग के कारण स्थानीय निवासियों को खासी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जबकि यह हालत कई महीनो से इसी तरह बने हुए हैं।
इस संबंध में धुवांला, मुंशीपुरा, बारला, और ऊंचा गांव के निवासियों ने मंगलवार को उपखंड अधिकारी जहाजपुर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के अनुसार, बजरी वाहनों ने हाईवे के आधे हिस्से पर कब्जा कर रखा है, जिससे ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ज्ञापन में बताया गया है कि इस स्थिति के चलते स्कूली बच्चों को स्कूल पहुँचने में देरी हो रही है, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में बाधा आ रही है, और मजदूरों को भी अपने कार्यस्थल पर पहुँचने में मुश्किल हो रही है। ज्ञापन में बताया कि इन वाहनों से उड़ने वाली धूल से लोगों का स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है और आंखों की समस्याएं बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अगले 4 दिनों के भीतर इन वाहनों को सड़क से हटाया जाए और रास्ता खाली कराया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 4 दिनों में उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जाता है, तो वे 21 सितंबर को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इस बीच कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान प्रेमराज मीना, जयराम मीना, चेतन मीना, अजय मीना, प्रधान मीना, यादराम, रामसिंह मीना, मुकेश आदि मौजूद थे। इससे पहले दर्जनों लोगों ने नारेबाजी कर विरोध भी व्यक्त किया। गौरतलब है कि यह समस्या विकराल रूप ले चुकी है। जिसका समाधान जरूरी है।

डाॅक्टर के मुंह से निकल गई चीख, टाॅयलेट सीट पर फन फैलाए कोबरा दिखा


