बाल-बाल बचे देवली के उत्कर्ष गौत्तम
Deoli News 16 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जयपुर के मानसरोवर में पिछले दिनों हवा में तैरता हुआ सिंथेटिक चाइनीज पतंग का मांझा एक युवक के लिए करीब-करीब जानलेवा बनकर आया। हालांकि युवक की जान बच गई।
लेकिन यह घटनाक्रम हतप्रभ करने वाला था। जानकारी के अनुसार जयपुर के मानसरोवर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार उत्कर्ष गौतम पुत्र प्रभात गौत्तम के गले में पतंग की डोर इस कदर फंसी कि श्वास नली तक करीब डेढ़ इंच गहरा घाव हो गया। इस दौरान आसपास के लोगों लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत पास के इंडस हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच पाई।
इस दौरान घायल युवक को तत्काल इमरजेंसी सर्जरी दी गई। दरअसल मूल रूप से देवली की विवेकानंद कॉलोनी निवासी और जयपुर में सोलर बिजनेस करने वाले उत्कर्ष गत 11 जनवरी की शाम 4 बजे बाइक से जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घाव इतना गंभीर था कि डॉक्टरों ने उन्हें अगले एक महीने तक रेस्ट की सलाह दी है। पतंगबाजी के इस जानलेवा शौक ने एक बार फिर राहगीरों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।



