“दो शातिर चोर गिरफ्तार”
Deoli News 16 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मोटरसाइकिल चोरी की एक वारदात का महज कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा है।
पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी दौलत राम गुर्जर के अनुसार गत 13 जनवरी को परिवादी सुन्दर लाल मीणा निवासी कासीर ने थाना देवली में रिपोर्ट दी थी कि उनकी मोटरसाइकिल बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने खाद-बीज की दुकान के पास से चोरी हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की।
थानाधिकारी दौलत राम गुर्जर के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल लेकर चर्च रोड से जयपुर रोड की तरफ जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चर्च रोड पर नाकाबंदी की और संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। आरोपियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं देने पर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पकड़े गए आरोपियों में 20 वर्षीय घनश्याम पुत्र भंवरलाल निवासी बीबनवा रोड बूंदी और 38 वर्षीय नरेन्द्र कुमार मीणा उर्फ रायसिंह पुत्र रामसिंह निवासी ऊँचा थाना हनुमान नगर शामिल हैं।
आरोपी नरेन्द्र कुमार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है, जिस पर पूर्व में हनुमान नगर थाने में मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सीताराम, हेड कांस्टेबल अब्दुल वहाब, पुलिसकर्मी हुकुमनाथ समेत की मुख्य भूमिका रही।



