Deoli News 13 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका देवली द्वारा आयोजित नौ दिवसीय डांडिया एवं गरबा महोत्सव का भव्य शुभारंभ सोमवार रात नगर पालिका अध्यक्ष कजोड़ी देवी, उपाध्यक्ष नेमीचंद जैन, पार्षदों एवं अधिशासी अधिकारी अमरचंद गुर्जर ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान आयोजन समिति के सदस्यों ने अतिथियों का माला पहनाकर, दुपट्टा ओढ़ाकर एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। समिति व्यवस्थापक पंकज जैन सर्राफ़ ने बताया कि नौ दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य शहरवासियों को नवरात्रि के पर भक्ति, संस्कृति और उत्सव के रंगों से जोड़ना है। महोत्सव के पहले दिन बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की बेहतरीन प्रस्तुतियों से उत्साहित होकर नगर पालिका अध्यक्ष कजोड़ी देवी ने उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया। गरबा महोत्सव में शहर के सैकड़ों बच्चों, युवक-युवतियों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पारंपरिक गरबा प्रस्तुतियां दीं।

रंग-बिरंगे परिधानों, डांडिया की खनक और माता रानी के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और पंडाल खचाखच भरा नजर आया। नवरात्रि के इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। नगर पालिका देवली द्वारा आयोजित यह नौ दिवसीय डांडिया एवं गरबा महोत्सव आगामी दिनों में भी शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बना रहेगा। कार्यक्रम में पार्षद सौरभ जिंदल, कविता जैन, विनोद साहू, दिनेश जैन, बनवारी बैरवा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



