कांग्रेस के पास बहुमत, प्रधान पद पर पार्टी प्रत्याशी का चुना जाना तय
Deoli News 26 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पंचायत समिति देवली में प्रधान पद के निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा के बीच पंचायत समिति सभागार में प्रधान पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी।
निर्वाचन के तहत पहले प्रत्याशियों की ओर से नामांकन दाखिल किए जाएंगे, इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आवश्यकता होने पर अपराह्न 3 से 5 बजे के बीच मतदान कराया जाएगा। हालांकि मतदान होना भी लगभग तय है। पंचायत समिति देवली में वर्तमान में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, ऐसे में प्रधान पद पर कांग्रेस प्रत्याशी का निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। चुनाव को लेकर पंचायत समिति सभागार में मतदान से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। फर्नीचर सहित अन्य इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। वहीं पंचायत समिति परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग की गई है।
सभागार में केवल निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को ही प्रवेश दिया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का पर्याप्त जाप्ता तैनात रहेगा। प्रशासन की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।


