25 वर्षीय युवक की मौत से परिवार का चिराग बुझा
Deoli News 4 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) रंगों के उत्सव धुलंडी के दिन बुधवार को देवली शहर में एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई, जिसने परिवार की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया। यहां एक युवक के डूबने से मौत हो गई।
दरअसल पुलिस थाना के पीछे मारवेलस स्कूल के पास रहने वाले अनिल बिलोची के छोटे पुत्र करीब 25 वर्षीय पीयूष बिलोची की तालाब में डूबने से अकाल मौत हो गई। सिंधी समाज अध्यक्ष विनोद धर्मानी के अनुसार, पीयूष अपने तीन-चार दोस्तों के साथ होली खेलने के बाद नहाने के लिए ऊंचा स्थित बड़े तालाब पर गया था। इन युवकों का मार्ग ज्योति कॉलोनी स्थित गौतम आश्रम बताया गया है। घटनास्थल इस मार्ग स्थित पोल फैक्ट्री के सामने जल भराव है। बताया गया कि नहाते समय अचानक वह गहरे पानी की चपेट में आ गया और डूबने लगा। साथी दोस्तों ने घबराकर तुरंत ग्रामीणों और परिजनों को इस अनहोनी की सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और हनुमान नगर थाना पुलिस को सूचित किया गया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पीयूष को पानी से बाहर निकाला और तत्काल देवली अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक पीयूष शहर में बेडशीट का व्यापार करता था। जवान बेटे की इस आकस्मिक मौत की बात सुनते ही घर में कोहराम मच गया और होली की रंगीन फिजां चीख-पुकार में बदल गई। इस हृदयविदारक हादसे के बाद मोहल्ले में शोक है। शव का अस्पताल की मोचरी में पोस्टमार्टम किया गया। मामले में मृतक के पिता ने रिपोर्ट दी है। शव का पोस्टमार्टम डॉ. मनोज मीणा और हर्षवर्धन ने किया।



