Deoli News 29 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय देवली में सुविधाओं के अभाव को लेकर बुधवार को छात्रों ने प्राचार्य पूरणमल वर्मा को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में छात्र अनिल खींची ने बताया कि 45 डिग्री तापमान के बावजूद वाटर कूलर खराब हैं।
छात्रों ने ठंडे पानी के लिए वाटर कूलर व आरओ लगाने की मांग की है। छात्र कुशाल खटीक ने कहा कि परीक्षा हॉल में दीवार घड़ी न होने से समय का पता नहीं चलता, जिस पर सभी परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी लगाने का आग्रह किया गया। वहीं गर्ल्स कॉमन रूम के टूटे गेट और गंदगी पर नाराजगी जताते हुए गर्ल्स कॉमन रूम की मरम्मत व सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग रखी। इसके अलावा छात्रों ने परीक्षा से पहले धूप से बचाव के लिए टेंट व छाया की व्यवस्था करने और बैग काउंटर पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगाने की भी पुरजोर मांग की है। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि 3 दिन में मांगें पूरी नहीं हुई तो विरोध किया जाएगा।



