Deoli News 16 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहीद सैनिक मोतीलाल मीणा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पोल्याडा में शनिवार को सत्र के अंतिम कार्य दिवस पर मेगा पीटीएम, कृष्ण भोग, भामाशाह सम्मान समारोह हुआ।
विद्यालय प्रधानाचार्य दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस दौरान मेगा पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों को उनके बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी दी गई। वहीं आगामी 31 मई को सेवानिवृत्त होने वाले प्रधानाचार्य कृष्ण गोपाल वर्मा द्वारा कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘कृष्ण भोज’ का आयोजन किया गया। विद्यालय ने वर्मा के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया, उन्होंने छात्र हित में 25 हजार की लागत का इनवर्टर मय बैटरी विद्यालय को भेंट की। यहां पूर्व सरपंच बाबूलाल मीणा, एसएमसी अध्यक्ष गुलाब शंकर मीणा, मनराज गुर्जर, रामराज जाट, कृष्ण गोपाल जाट, दुर्गाप्रसाद वर्मा सहित वर्मा के परिजन, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गिरिराज जोशी ने किया, छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
जनगणना के लिए प्रगणकों को दिया गया प्रशिक्षण
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवड़ावास में जनगणना सुपरवाइजर व व्याख्याता सुवालाल रेगर ने प्रगणकों को जनगणना प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया। प्रधानाचार्य नरेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद दौलत सिंह, रामदयाल बैरवा, विष्णु शर्मा, कैलाश गुर्जर, राकेश कुमावत, गजेंद्र सिंह और प्रदीप सेन सहित सभी प्रगणकों ने अपने निर्धारित क्षेत्रों में कार्य शुरू किया है। यह जानकारी शाला मीडिया प्रभारी तुलसीराम शर्मा ने दी।



