Deoli News 11 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र में देवली के अधिवक्ता के साथ मंगलवार रात कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ने के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रथम दृष्टिया दोषी पाए जाने पर हेड कांस्टेबल सुनील और कांस्टेबल दीपेंद्र को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच भी शुरू कर दी गई है। इससे पूर्व मंगलवार रात अधिवक्ता नरेंद्र कुमार मीणा के साथ हुई कथित घटना को लेकर बुधवार को देवली अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। अभिभाषक संघ अध्यक्ष के नेतृत्व में दर्जनों अधिवक्ता हनुमान नगर थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। अधिवक्ता नरेंद्र कुमार मीणा का आरोप है कि रात के समय पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बिठाया, रास्ते में मारपीट की और थाने ले जाकर भी दुर्व्यवहार किया। उन्होंने थाना प्रभारी पर भी रिपोर्ट लेने से इनकार करने और वकीलों के साथ अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वकीलों ने दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग की थी।
लिहाजा प्राथमिक रूप से यह कार्रवाई सामने आई है। इधर, हनुमाननगर थाने के दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को भी देवली अभिभावक संघ ने देवली थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी गई है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन और व्यापक होगा।



