Deoli News 21 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के रोडवेज बस स्टैंड स्थित बुकिंग काउंटर के पास रविवार अपरान्ह करीब 3 बजे एक 4 से 5 वर्षीय मासूम बालक लावारिस अवस्था में मिला।
अकेला होने के चलते यह मासूम रो रहा था। सूचना मिलने पर देवली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपनी अभिरक्षा में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिसकर्मी इस्माइल ने बताया कि उक्त बच्चे ने अपना नाम विष्णु मीणा तथा पिता का नाम पदम मीणा बताया है। वहीं यह मासूम स्वयं को रघुनाथपुरा, सिसोला का निवासी होना बता रहा है। फिलहाल पुलिस बच्चे के परिजनों की तलाश कर रही है तथा पहचान होने पर उसे परिवार को सौंपा जाएगा। बच्चे के संबंध में जानकारी होने पर पुलिस ने थाने में संपर्क करने की बात कही है।



