Sunday, June 28, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskकरीब 950 किमी की तपस्या, बाबा केदार के चरणों तक पहुंचेगा बनास...

करीब 950 किमी की तपस्या, बाबा केदार के चरणों तक पहुंचेगा बनास का जल

बीसलपुर से पैदल निकले सचिन गुर्जर


Deoli News 28 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक निवासी 26 वर्षीय युवा सचिन गुर्जर ने अपनी आस्था और अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक कठिन और पुण्यदायी यात्रा का संकल्प लिया है, जो क्षेत्र के बीसलपुर बांध से शुरू हुई है।

सचिन ने गत दो दिन पूर्व 26 जून को बीसलपुर बांध स्थित गौकणेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद अपनी लंबी पैदल यात्रा की शुरुआत की। वे बीसलपुर से 11 लीटर बनास नदी का पवित्र जल कावड़ में लेकर भगवान शिव के धाम केदारनाथ के लिए रवाना हुए हैं। सचिन के मित्र धर्मराज गुर्जर ने बताया कि यह यात्रा अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। केदारनाथ की दूरी करीब 900 से 950 किलोमीटर है, जिसे तय करने में सचिन को लगभग एक महीने का समय लगेगा। उनका लक्ष्य है कि सावन के महीने के प्रथम सोमवार से पहले वे केदारनाथ पहुंचें और वहां बाबा केदार को बनास नदी का जल समर्पित कर जलाभिषेक करेंगे।

सचिन गुर्जर का यह प्रयास केवल एक तीर्थयात्रा नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक गहरा भाव भी छिपा है। उनका मानना है कि बनास नदी वर्षों से कई जिलों के लोगों का भरण-पोषण कर उन्हें जीवनदान दे रही है। इसी कृतज्ञता को व्यक्त करने और भगवान का शुक्रिया अदा करने के लिए वे बनास का जल लेकर जा रहे हैं। अपनी इस पदयात्रा के माध्यम से वे सनातन धर्म के संरक्षण और आध्यात्मिकता का संदेश भी जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। इसके साथ ही वे गोवंश के प्रति अपनी अटूट निष्ठा रखते हुए गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाए जाने का संकल्प भी लेकर चल रहे हैं।

सचिन का आध्यात्मिक सफर नया नहीं है, इससे पहले भी वे अपनी धुन के पक्के सचिन पंच केदार की यात्रा साइकिल से पूरी कर चुके हैं और 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पैदल तय कर चुके हैं। इस 26 वर्षीय युवा का यह जज्बा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d