गर्मी ने नहीं, उमस ने किया बेहाल
Deoli News 5 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में रविवार को देवली में लोगों को भीषण उमस ने दिनभर बेहाल रखा। शाम 5 बजे तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, लेकिन हवा में करीब 59 प्रतिशत नमी रहने के कारण लोगों को 43 डिग्री जैसी गर्मी की फीलिंग महसूस हुई।
चिपचिपी गर्मी ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी और दिनभर लोग राहत की तलाश करते नजर आए। हालात उस समय और ज्यादा मुश्किल हो गए जब शहर के कुछ क्षेत्रों में महज कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पंखे और कूलर बंद होते ही घरों के अंदर उमस असहनीय हो गई और लोगों के शरीर पसीने से तरबतर हो गए। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि इनवर्टर फीटिंग वाले घरों में यह दिक्कत नहीं हुई। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन बारिश नहीं होने से उमस लगातार बढ़ती गई।
शाम तक भी गर्मी और चिपचिपाहट से लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार हवा में नमी अधिक रहने के कारण आगामी दिनों में भी उमस का असर बना रह सकता है। लोग अब अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं, ताकि गर्मी और उमस से राहत मिल सके।


