नगर पालिका मंडल ने लिया संज्ञान
Deoli News 13 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के पटेल नगर कच्ची बस्ती क्षेत्र में फैली गंदगी को लेकर मामला सामने आने के बाद नगर पालिका ने सोमवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में सफाई अभियान चलाया।
अधिशासी अधिकारी अमरचंद गुर्जर के निर्देश पर सफाई कर्मचारियों ने काफी मात्रा में क्षेत्र में जमा कचरा, कीचड़ और गंदगी हटाकर सफाई कराई, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली। यहां निरीक्षण के दौरान एक फेरोकवर की जाली भी टूटी हुई मिली। अधिशासी अधिकारी ने कर्मचारियों को नई जाली लगाने के निर्देश दिए। उनके अनुसार मंगलवार तक टूटी जाली बदल दी जाएगी। गौरतलब है कि पटेल नगर स्थित हीरो शोरूम वाली गली एवं उससे जुड़ी कुछ गलियों में गंदगी की समस्या को लेकर लोगों ने दैनिक ब्यूरो के माध्यम से आवाज उठाई थी। कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका ईओ का आभार जताया, जिन्होंने लोगों की समस्या त्वरित ध्यान दिया।



