“सीसीटीवी में कैद हुई वारदात”
Deoli News 15 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली बस स्टैंड स्थित एक मोबाइल शॉप में बुधवार रात एक युवक और युवती ने मिलकर गल्ले में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात महज चंद सेकंड में हुई, जो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
हालांकि गल्ले में करीब 700 से 800 रुपए ही रखे थे। दुकान मालिक आशीष पंचोली ने बताया कि वारदात रात करीब 7:30 बजे की है। उस समय दुकान का एक कर्मचारी घर चला गया था, जबकि त्रिलोक शर्मा पास की दुकान से सामान लेने गया हुआ था। इसी दौरान एक युवक और युवती दुकान में पहुंचे और मौका पाकर गल्ले में रखी नकदी लेकर निकल गए। रात करीब 8:30 बजे दुकान मालिक बिक्री का हिसाब लेने पहुंचे तो स्टाफ ने गल्ले में नकदी रखी होने की जानकारी दी। दुकान मालिक पंचोली ने बताया कि इन लोगों को बिल्कुल भी डर नहीं है। यहां से नगदी पार करने के बावजूद यह पास की दुकान से अन्य सामान देख रहे थे।
गल्ला चेक करने पर पैसे गायब मिले। इसके बाद त्रिलोक शर्मा ने मोबाइल में सीसीटीवी फुटेज देखी, जिसमें पूरी वारदात सामने आ गई। दुकान मालिक ने फिलहाल पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। लेकिन त्योहार के समय दुकानदारों को सतर्क रहने की जरूरत है।
दुकानदार इन 5 बातों का रखें ध्यान:-
- दुकान से बाहर जाते समय गल्ले और तिजोरी को लॉक जरूर करें।
- गल्ले में ज्यादा नकदी रखने से बचें।
- दुकान में सीसीटीवी कैमरे चालू रखें और उनकी नियमित जांच करें।
- ग्राहकों को सामान देते समय गल्ले पर भी नजर रखें।
- त्योहारों पर भीड़ के दौरान विशेष सतर्क रहें और दुकान को अकेला न छोड़ें।



