Deoli News 13 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी थाना क्षेत्र के धुआं कला मार्ग पर सोमवार सुबह एक हादसे में 19 वर्षीय युवक लोकेश पुत्र धन्ना ढोली की ट्रैक्टर से गिरकर मौके पर ही मौत हो गई। मृतक घाड़ थाना क्षेत्र के भरनी का झोपड़ा निवासी था और पेशे से ट्रैक्टर चालक था।
एएसआई जगदीश रूडवाल ने बताया कि घटना सोमवार सुबह करीब 6 बजे की है, जब लोकेश ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। इस दौरान हाडोती गांव के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया, जिससे वह नीचे गिर गया और गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शव को दूनी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों द्वारा कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहने के कारण मामला दर्ज नहीं किया गया है। मृतक अविवाहित था। उसके पिता गांव में पैतृक कार्य करते हैं।
बाबूलाल मीणा ने दूनी थानाधिकारी का पदभार संभाला
दूनी पुलिस थाने में नवनियुक्त थानाधिकारी बाबूलाल मीणा ने रविवार को पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वे नगरफोर्ट थाने में थे, जहाँ से उनका स्थानांतरण दूनी हुआ है। दूनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आवा और पोल्याड़ा दो चौकियां आती हैं। मीणा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता आमजन में विश्वास पैदा करना है।



