Deoli News 14 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली नगरपालिका चुनाव 2026 के नतीजों ने जहाँ कई दिग्गजों की ताजपोशी की, वहीं कुछ प्रत्याशियों के लिए यह परिणाम बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाले रहे। चुनावी समर में ताल ठोकने वाले उम्मीदवारों में से 19 प्रत्याशी ऐसे रहे जो मतदाताओं के बीच अपनी छाप छोड़ने में पूरी तरह नाकाम रहे और वे दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।

इन सभी को केवल 9 या उससे भी कम वोटों पर संतोष करना पड़ा। सबसे हैरान करने वाली स्थिति वार्ड 11 से निर्दलीय प्रत्याशी राजेन्द्र कुमार ग्वाला, वार्ड 29 से निर्दलीय राहुल बैरवा और वार्ड 31 से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की मनीषा मीणा की रही, जिन्हें पूरी मतगणना में केवल 1-1 वोट ही मिल सका। कम मत पाने वालों की इस फेहरिस्त में केवल निर्दलीय ही नहीं, बल्कि प्रमुख राजनीतिक दलों के टिकट पर उतरे चेहरे भी शामिल रहे। वार्ड 29 से भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी नन्दकिशोर को पूरे चुनाव में महज 2 वोट मिले, जबकि वार्ड 35 से देश की प्रमुख पार्टी इंडियन नेशनल कांग्रेस की प्रत्याशी सन्तोष देवी मात्र 7 वोटों पर सिमट कर रह गईं। इसके अलावा वार्ड 1 से आरएलपी के शाहरूख अली को भी केवल 7 वोट मिले।

वहीं वार्ड 6 से निर्दलीय राजू रेगर को 3, जबकि वार्ड 5 से सुनील कुमार चौहान, वार्ड 11 से कन्हैया लाल, वार्ड 25 से लेखराज रेगर और वार्ड 32 से मुकेश कुमार मीना को 4-4 मतों से संतोष करना पड़ा। वार्ड 7 से प्रताप विश्वास, वार्ड 19 से अंकुश और वार्ड 28 से परमेश्वरी मेघवंशी के खाते में सिर्फ 5-5 वोट आए। इसके अलावा वार्ड 4 से चन्द्रपाल को 6, वार्ड 9 से सविता बैरवा, वार्ड 33 से रामरूप वर्मा व वार्ड 35 से कंचन देवी को 8-8 तथा वार्ड 9 से ही ममता को 9 वोट मिले। इन चुनावी आंकड़ों ने साबित कर दिया कि सिर्फ मैदान में उतरना ही काफी नहीं होता।
जनता का दिल जीते बिना चुनावी रण में दहाई तक पहुंचना भी नामुमकिन हो जाता है। चुनाव नतीजे सामने आने के बाद आतिशबाजी का दौर जारी है। वार्ड नंबर 33 के भाजपा प्रत्याशी कृष्ण प्रताप सिंह नरुका की बड़ी जीत पर समर्थको ने जमकर आतिशबाजी की।


