भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए तीनों प्रत्याशियों को मिली हार
Deoli News 14 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव में टिकट वितरण से असंतुष्ट होकर चुनाव से ठीक पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए तीनों प्रत्याशियों को चुनाव परिणाम में हार का सामना करना पड़ा।
तीनों प्रत्याशी चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे और कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे, लेकिन जीत दर्ज नहीं कर सके। वार्ड नंबर 15 से भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए गोपाल लाल टेलर को महज 4 मतों के अंतर से हार मिली। यहां भाजपा के कुलदीप चौधरी को 210 मत प्राप्त हुए और उन्हें विजयी घोषित किया गया। इसी तरह वार्ड नंबर 22 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए राकेश ओसवाल को 167 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी दिनेश जैन ने 175 मत हासिल कर 8 मतों से जीत दर्ज की।

वहीं वार्ड नंबर 26 में भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए कार्यकर्ता तिलक जांगिड़ की पत्नी कलावती को भी हार का सामना करना पड़ा। कलावती को 152 मत, जबकि भाजपा की सुनीता मिश्रा को 301 मत मिले। इस तरह सुनीता मिश्रा ने 149 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। इस प्रकार चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए तीनों प्रत्याशी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े, लेकिन मतदाताओं ने उन्हें जीत नहीं दिलाई और तीनों को हार का सामना करना पड़ा।




