भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय ने जीतीं 2-2 सीटें
Deoli News 14 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव देवली के चुनावी समर में कुल 35 वार्डों में से 6 वार्ड ऐसे रहे जहां चुनावी मैदान में ठीक 3-3 प्रत्याशी आमने-सामने थे और मुकाबला स्पष्ट रूप से त्रिकोणीय रहा।

दिलचस्प बात यह रही कि इन त्रिकोणीय मुकाबलों में किसी एक दल या निर्दलीयों का एकतरफा दबदबा नहीं रहा, बल्कि जनादेश तीनों पक्षों में बराबर बंट गया। इन 6 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी ने 2, कांग्रेस ने 2 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी 2 सीटों पर विजय हासिल कर मुकाबला पूरी तरह बराबरी पर ला खड़ा किया। त्रिकोणीय संघर्ष वाले वार्ड 13 में भाजपा के विष्णु कुमार टेलर ने 240 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के राहुल सुवालका 105 मत लेकर दूसरे ओर निर्दलीय रामेश्वर 52 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। वार्ड 14 में भाजपा के नेमीचन्द जैन 189 मत पाकर विजयी रहे, जहां उन्होंने निर्दलीय अशोक (70 मत) और कांग्रेस के अब्दुल कादर (62 मत प्राप्त) को मात दी। वार्ड 18 में दोनों प्रमुख दलों को पछाड़ते हुए निर्दलीय नीलू जैन ने 333 मतों के साथ शानदार जीत दर्ज की, जबकि भाजपा की अन्जू शर्मा 219 मतों पर रहीं और कांग्रेस की नेहा सेन को मात्र 25 मत मिले।
इसी तरह वार्ड 20 के त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस के अब्दुल शम्मी ने 298 मत पाकर परचम लहराया, वहीं भाजपा के सत्यनारायण तोषनीवाल 224 मत लेकर उपविजेता रहे और निर्दलीय फरीदुद्दीन को 139 मत मिले। वार्ड 24 में बेहद रोमांचक त्रिकोणीय भिड़ंत देखने को मिली, जहां कांग्रेस की श्यामा ने 154 मत पाकर जीत हासिल की, जबकि भाजपा की कमलेश 128 मतों के साथ दूसरे और निर्दलीय दीपशिखा 122 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहीं। उधर, वार्ड 34 में निर्दलीय कपिल मीणा ने 482 मतों का भारी समर्थन हासिल कर दोनों दलों के दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया।
जहां कांग्रेस के अशोक 361 मत पाकर दूसरे और भाजपा के मनोज मीणा 130 मत लेकर तीसरे स्थान पर खिसक गए। इस प्रकार त्रिकोणीय मुकाबले वाली सभी 6 सीटों पर मुकाबला त्रिशंकु रहा और भाजपा, कांग्रेस तथा निर्दलीय 2-2 सीटें जीतकर बराबरी पर छूटे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बहुमत के करीब पहुंचने की खुशी मनाई। भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित जैन के नेतृत्व में आतिशबाजी की गई और परस्पर मिठाई खिलाई गई। बता दे कि भाजपा 17 सीट, 10 निर्दलीय और 8 सीटों पर कांग्रेस चुनाव जीती है।


